बीकानेर में सरकारी कैंसर इंजेक्शन की अवैध बिक्री के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश

1

जयपुर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बीकानेर के सरकारी कैंसर अस्पताल के लिए आरएमएससीएल के माध्यम से भेजे गए कैंसर इंजेक्शन के दिल्ली में कथित रूप से अवैध बिक्री के मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए हैं।

खींवसर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली महंगी जीवनरक्षक दवाओं की किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनधिकृत बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरएमएससीएल एवं संबंधित अधिकारियों से दवा की पूरी सप्लाई चेन, स्टॉक रजिस्टर, इंडेंट, डिस्पैच एवं अस्पताल स्तर पर वितरण का रिकॉर्ड तत्काल जांचने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में सरकारी दवा की आपूर्ति में किसी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार में उपयोग होने वाली महंगी दवाओं की उपलब्धता और उनके सुरक्षित उपयोग की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इस मामले में भी जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।खींवसर ने अधिकारियों को सरकारी दवाओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाए जाने के निर्देश दिए हैं।