सेवा भारती जयपुर प्रांत और विश्व संवाद केन्द्र का होली स्नेह मिलन आयोजित

पत्रकार स्वयंसेवक होली स्नेह मिलन

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती जयपुर प्रांत और विश्व संवाद केन्द्र जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में गुरूवार को सहकार मार्ग स्थित सेवा सदन में होली स्नेह मिलन कार्यक्रम उल्लास एवं उमंग भरे वातावरण में आयोजित किया गया।

नया खेड़ा विद्याधरनगर के कुलदीप शर्मा के निर्देशन में मोहन शर्मा, नितिन, पुनीत, रवीन्द्र, अनीष निगम ने पारंपरिक धमाल गाकर उपस्थित लोगों को नाचने पर विवश कर दिया। राघव शर्मा ने धमाल के साथ बांसुरी से सधे स्वर में संगत की। संघ के स्वयंसेवकों की धमाल टोली की एक के बाद एक प्रस्तुतियों के बीच फूलों की होली भी जमकर खेली गई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का प्राकृतिक गुलाल से तिलक किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र प्रचार प्रमुख महेन्द्र सिंघल ने कार्यक्रम का संचालन किया।

होली स्नेह मिलन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र सेवा प्रमुख शिव लहरी, पाथेय कण के प्रबंध संपादक माणकचंद, जयपुर महानगर टाइम्स के संस्थापक संपादक गोपाल शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार महेश शर्मा, पाथेय कण के संपादक रामस्वरूप अग्रवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र सह प्रचार प्रमुख मनोज, सेवा भारती के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख उदय सिंह, सेवा भारती राजस्थान के संगठन मंत्री मूलचंद सोनी, विश्व संवाद केन्द्र की उपाध्यक्ष शुचि चौहान सहित अनेक वरिष्ठ लोग उपस्थित थे।

सर संघचालक करेंगे राष्ट्रीय सेवा संगम का उद्घाटन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र सेवा प्रमुख शिव लहरी ने जामडोली में 7-8-9 अप्रेल को आयोजित होने वाले सेवा संगम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा संगम 2020 में होना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण समय पर नहीं हो सका। इस आयोजन में देशभर से करीब 4000 लोग विभिन्न सेवा कार्यों की झलक झांकी प्रस्तुत करेंगे। इसका उद्घाटन 7 अप्रेल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे।