ऊधमसिंह नगर में आनर किलिंग, अपनी बेटी को उतारा मौत के घाट

रूद्रपुर/नैनीताल। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने अपनी नाबालिग बेटी की हत्या के आरोप में एक दम्पती को गिरफ्तार किया है।

मामला ऊधमसिंह नगर के रम्पुरा थाने के पहाड़गंज का है। विगत 24 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शफी अहमद और उसकी पत्नी खातूनजहां ने अपनी पुत्री की हत्या कर दी है और उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने पैतृक गांव उप्र के रामपुर स्थित बंजावाला ले जा रहे हैं।

पुलिस तत्काल हरकत में आई और उसने मौके पर जाकर घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस उप्र के रामपुर स्थित थाना अजीमनगर के बंजावाला गांव पहुंची तथा शव को दफनाने से पहले अपने कब्जे में ले लिया।

शव का रूद्रपुर में चिकित्सकों के एक पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में हकीकत से पर्दा उठ गया। मौत का कारण गला दबाने से हुई, निकल आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का अभियोग पंजीकृत कर दंपती को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कुबूल लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतका का अपने पड़ोस में रह रहे एक विवाहित युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के दिन 23 फरवरी की रात को मृतका अपनी मां के साथ सो रही थी।

इसी बीच मौका पाकर वह छत पर अपने प्रेमी से मिलने चली गई। दंपती को देखकर युवक मौके से भाग गया। इसके बाद आरोपियों ने नीचे कमरे में लाकर मृतका का गला दबा दिया। साथ ही हत्या को छिपाने के लिए शव को उप्र ले गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।