आवासीय महंगाई पहली तिमाही में 3.65 प्रतिशत पर, चंडीगढ़ और जयपुर में सबसे ज्यादा बढ़े दाम

0

मुंबई। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में देश के 18 शहरों में आवासीय महंगाई दर 3.65 प्रतिशत रही जिसमें चंडीगढ़ और जयपुर का सबसे अधिक योगदान रहा।

रिजर्व बैंक ने सोमवार को पहली तिमाही के आवासीय मूल्य सूचकांक के आंकड़े जारी किये। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के मुकाबले औसत सूचकांक 3.65 प्रतिशत बढ़े हैं जबकि तिमाही दर तिमाही इसमें 1.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

जिन 18 शहरों के आंकड़े जारी किए गए हैं उनमें अहमदाबाद, बेंगलूरु, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हैदराबाद, जयपुर, कानपुर, कोच्चि, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, पुणे, ठाणे और तिरुवनंतपुरम् शामिल हैं।

एक साल में चंडीगढ़ में आवासों के दाम 49.58 प्रतिशत, जयपुर में 36.36 प्रतिशत और कानपुर में 27.46 प्रतिशत बढ़े। दहाई से अधिक महंगाई दर वाले शहरों में लखनऊ (17.70 फीसदी), तिरुवनंतपुरम् (16.31 प्रतिशत) और नागपुर (14.79 प्रतिशत) शामिल हैं।

वहीं, कुछ शहरों में आवासों की लागत कम भी हुई है। एक साल पहले की तुलना में कोलकाता में आवास 31.54 प्रतिशत सस्ते हुए। दिल्ली में कीमत में 1.18 प्रतिशत और हैदराबाद में 0.79 प्रतिशत की गिरावट रही। अन्य मेट्रो शहरों में बेंगलूरु में सालाना आवासीय महंगाई दर 5.93 प्रतिशत, चेन्नई में 8.08 प्रतिशत और मुंबई में 2.82 प्रतिशत रही।