भारत ने अब हमला किया तो जवाब कोलकाता तक देंगे : ख्वाजा आसिफ

1

सियालकोट। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि पाकिस्तान को दोषी ठहराने के लिए भारत कोई बनावटी हमला कर सकता है और ऐसी किसी भी कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत एक साल पूर्व हुए घटनाक्रम से अपमान की भरपाई करने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आकार, संसाधन और सैन्य क्षमता में बड़ा होने के बावजूद भारत को आलोचना का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि भारत इस तरह की कोई कार्रवाई करता है तो पाकिस्तान की प्रतिक्रिया कड़ी होगी, जो कोलकाता तक पहुंचेगी। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर भारत हमला करता है तो हम उन्हें कोलकाता तक लेकर जाएंगे।

यह टिप्पणी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को किसी भी दुस्साहस से बचने की चेतावनी दी थी। ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर कहा कि दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच युद्ध की कोई भी संभावना गंभीर परिणाम ला सकती है और यह एक खतरनाक भ्रम है। उन्होंने पिछले वर्ष पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को फर्जी ऑपरेशन करार दिया।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को एक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन द रेजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।

पाकिस्तान ने हमले की जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया था, जिसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में लश्कर के ठिकानों पर हमले किए थे। दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के बाद भारत ने पाकिस्तानी वायुसेना के ठिकानों को भी निशाना बनाया था। रक्षा मंत्री आसिफ ने कहा कि पिछली घटनाएं यह दर्शाती हैं कि गलत आकलन के गंभीर परिणाम हो सकते हैं और भविष्य में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया और अधिक सख्त होगी।