56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में रजनीकांत का सम्मान

पणजी। दक्षिण भारतीय सिनेमा के महानायक रजनीकांत को 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में सम्मानित किया गया।

रजनीकांत को फिल्म इंडस्ट्री में 50 वर्ष पूरे करने पर 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सम्मानित किया गया।इस सम्मान समारोह में न केवल तमिल फिल्मों में बल्कि हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी भारतीय सिनेमा में रजनीकांत के बहुत बड़े योगदान को मान्यता दी गई।

रजनीकांत ने 170 से ज़्यादा फ़िल्मों के साथ, सुपरस्टार ने पॉपुलर कल्चर पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है, और पद्म भूषण (2000), पद्म विभूषण (2016), और दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड (2020) सहित कई पुरस्कार जीते हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रजनीकांत को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

रजनीकांत ने इस सम्मान के लिए केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर, 50 वर्ष 10 या 15 वर्ष जैसे लगते हैं, क्योंकि उन्हें सिनेमा और अभिनय से प्यार है। उन्होंने कहा कि भले ही 100 जन्म हों, मैं रजनीकांत के रूप में पैदा होना चाहूंगा।