सासाराम। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा शुरू होने होने से पहले यहां आयोजित विशाल रैली में जुटे इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा है कि भाजपा पूरे देश में वोट चोरी करवा रही है और अब मतदाता पुनरीक्षण के नाम पर बिहार में भी उसकी यही साजिश है और इस षड्यंत्र को बिहार में सफल नहीं होने दिया जाएगा।
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय जन दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के दीपांकर भट्टाचार्य, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सुहासिनी अली, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी संतोष कुमार, वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी शहीद कई अन्य नेताओं ने रैली को संबोधित किया और कहा कि बिहार में वोट चोरी रोकने के लिए वाटर अधिकार रैली के जरिए जन जागरण करना होगा और हर एक मतदाता को वोट की रक्षा के लिए सचेत किया जाएगा।
गांधी के नेतृत्व में रविवार से शुरू हुई इस यात्रा के जरिए 16 दिनों तक बिहार के 20 जिलों में 1,300 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा का समापन एक सितंबर को राज्य की राजधानी पटना की ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा जिसमें इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के जरिए बिहार में गरीबों, मजदूरों, प्रवासियों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के 65 लाख वोट काटे गए हैं। भाजपा-जदयू इन वोटों को काटकर सत्ता में आना चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वे जनता के वोट, युवाओं की। नौकरी और किसानों की एमएसपी चुराते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार का एजेंट बन गया है।
उन्होंने 2023 के एक कानून का हवाला देते हुए कहा कि इस कानून के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त या आयोग के अन्य सदस्य कोई गड़बड़ करें, तो भी उन पर मुक़दमा नहीं किया जा सकता। सरकार ने वोट चोरी करने की तैयारी 2023 में शुरू कर दी थी की और 2024 के लोकसभा चुनाव में धोखाधड़ी की। उन्होंने बिहार की जनता से भाजपा-जदयू सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
गांधी ने कहा कि पूरे देश में वोटों की चोरी की जा रही है। बिहार में भाजपा मतदाता पुनरीक्षण से चुनाव चोरी करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इंडिया गठबंधन ऐसा होने नहीं देगा। उन्होंने महाराष्ट्र की धांधली का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन ने जीत हासिल की। इसके चार महीने बाद हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन जीत गया। जांच करने पर पता चला कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच एक करोड़ नए वोटर जुड़े और जहां भी ये नए वोटर आए, वहां भाजपा का गठबंधन जीत गया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी दिखाने से इनकार कर दिया।