न्यूयॉर्क। अमरीकी के न्यूयॉर्क शहर में एक दर्दनाक सबवे हादसे में भारतीय मूल की 24 वर्षीय युवती मलाइका चित्रे और उनके दोस्त नवम कौल की मौत हो गई। दोनों न्यू जर्सी के रहने वाले थे और रटगर्स यूनिवर्सिटी से जुड़े रहे थे। हादसा लोअर मैनहट्टन के स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर रविवार तड़के करीब 3:14 से 3:15 बजे के बीच हुआ। दोनों को दक्षिण दिशा की ओर जा रही नंबर-4 ट्रेन ने टक्कर मार दी।
ट्रेन आने से पहले दोनों ट्रैक पर बैठे दिखे
अमरीकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हादसे से ठीक पहले दोनों युवक-युवती रेलवे ट्रैक पर मौजूद थे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी दोनों को ट्रेन आने से कुछ क्षण पहले ट्रैक पर बैठे देखा जा सकता है। हालांकि, वे ट्रैक तक कैसे पहुंचे, इसको लेकर जांच अभी जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि नवम कौल पहले ट्रैक पर गिरे या किसी वजह से नीचे पहुंचे और मलाइका उन्हें मदद देने के लिए ट्रैक पर उतरीं। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वास्तव में घटनाक्रम क्या था।
ट्रेन ऑपरेटर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की
रिपोर्टों के मुताबिक ट्रेन ऑपरेटर ने दोनों को ट्रैक पर देखा और ट्रेन रोकने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन समय रहते नहीं रुक सकी। टक्कर के बाद दोनों ट्रेन के नीचे फंस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के समय ट्रेन में करीब 100 यात्री मौजूद बताए गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया।
नशे से लेकर आत्महत्या तक की संभावना की जांच
जांच अधिकारी इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या हादसे के समय दोनों किसी नशीले पदार्थ या अत्यधिक शराब के प्रभाव में थे। कुछ रिपोर्टों में यह संभावना भी सामने आई है कि वे आने वाली ट्रेन के खतरे को समय रहते समझ नहीं पाए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसके बावजूद जांच में आत्महत्या की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह दुर्घटना थी, किसी को बचाने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
2024 में रटगर्स यूनिवर्सिटी से जुड़े थे दोनों
मलाइका चित्रे और नवम कौल लंबे समय से एक-दूसरे के दोस्त थे। दोनों ने रटगर्स यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की थी। रिपोर्टों के अनुसार मलाइका ने 2024 में अपनी डिग्री पूरी की थी और बाद में फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में काम कर रही थीं। नवम कौल भी रटगर्स से जुड़े रहे और वित्तीय क्षेत्र में काम कर रहे थे।
दोनों की असमय मौत से न्यू जर्सी में उनके परिवार, दोस्तों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। न्यूयॉर्क पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है और यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि हादसे से ठीक पहले दोनों ट्रैक पर क्यों मौजूद थे।



