इंदौर में नाबालिग युवती से रेप के बाद रैपिडो पर RTO की बड़ी कार्रवाई, कंपनी संचालक लापता

7

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में रैपिडो बाइक चालक द्वारा नाबालिग युवती से रेप की घटना के बाद परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए रैपिडो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरटीओ विभाग ने रैपिडो ऐप के माध्यम से राइड बुक कर 13 बाइक चालकों को कार्यालय बुलाया और नियमों के उल्लंघन पर सभी वाहनों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद रैपिडो कंपनी के संचालक कार्यालय बंद कर लापता बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने बाइक टैक्सी संचालन के लिए कड़े नियम निर्धारित किए हैं। इन नियमों के तहत वाहन का कमर्शियल रजिस्ट्रेशन, चालक के पास कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन का कमर्शियल बीमा होना अनिवार्य है। जांच में पाया गया कि रैपिडो के अधिकांश चालक डोमेस्टिक रजिस्ट्रेशन वाली बाइक से सवारियां ढो रहे थे और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

बताया गया कि रैपिडो कंपनी बिना पुलिस सत्यापन के युवाओं को मोटे इंसेंटिव का लालच देकर ड्राइवर बना रही थी। मंगलवार को इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में नाबालिग युवती से रेप की घटना सामने आने के बाद आरटीओ विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया। विभाग के कर्मचारियों ने स्वयं रैपिडो ऐप से राइड बुक की, जिसके बाद 13 बाइक चालक आरटीओ कार्यालय पहुंचे और सभी वाहनों को जब्त कर चालानी कार्रवाई की गई।

इस संबंध में एआरटीओ अर्चना मिश्रा ने बताया कि रैपिडो, ओला और उबर जैसी कंपनियां केंद्र सरकार द्वारा तय नियमों का सही ढंग से पालन नहीं कर रही हैं। जांच में जब्त किए गए वाहनों का रजिस्ट्रेशन, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस डोमेस्टिक पाया गया, जबकि उन्हें कमर्शियल होना चाहिए था। उन्होंने बताया कि रैपिडो कंपनी के संचालकों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल उनका कार्यालय बंद है।