तीर्थराज पुष्कर में 4 से 7 मार्च तक होगा अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव

अजमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर पारंपरिक एवं लोक संस्कृति को आगे ले जाने के उद्देश्य से पहली बार सरकारी स्तर पर तीर्थराज पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव 2023 का आयोजन 4 से 7 मार्च तक राजस्थान पर्यटन विकास निगम करने जा रहा है।

पुष्कर में आज निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने जगतपिता ब्रह्मा जी सहित पुष्कर के मुख्य बाजारों में पीले चावल एवं सुपारी बांटकर आमजन को इस महोत्सव में आमंत्रित कर उन्हें न्यौता दिया।

राठौड़ ने बताया कि पुष्कर की विश्व प्रसिद्ध होली म़े देशी विदेशी पर्यटकों की उपस्थिति एवं भागीदारी अधिक से अधिक की जाएगी इसके लिए पीले चावल बांटे गए हैं। उन्होंने बताया कि चार मार्च को ब्रह्मा वाटिका एमपी थिएटर में विद्या शाह की प्रस्तुति होगी और महाआरती का आयोजन होगा।

पांच मार्च को अनुराधा पोढ़वाल भजनों की प्रस्तुति देंगी। कैमल शो, ढोला मारू, गुलाबों का कालबेलिया नृत्य के साथ साथ पुष्कर मेला मैदान पर होलिका दहन होगा एवं आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा।

पहली बार हो रहे इस तरह के अनूठे कार्यक्रम में जहां प्रशासनिक कमेटियां गठित कर इसे सफल बनाने की योजना तैयार करते हुए एक लाख लोगों की उपस्थिति का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह सहित विभिन्न मंत्रियों व प्रशासनिक अधिकारियों के भी पुष्कर आने की तैयारी है। इधर, पवित्र पुष्कर सरोवर पर सवा लाख दीपों के प्रज्ज्वलन की भी तैयारी की गई है।