ईरान ने जल शोधन संयंत्र पर हमले के बाद अमरीकी सैन्य ठिकाने पर किया हमला

4

तेहरान। ईरान ने दक्षिणी क्षेत्र में स्थित एक समुद्री जल शोधन संयंत्र पर हमले के बाद अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है। ईरान के सरकारी समाचार प्रसारक प्रेस टीवी ने रविवार को यह जानकारी दी।

रिपोर्ट के अनुसार ईरान के सर्वोच्च परिचालन कमान खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम ज़ोलफक़ारी ने शनिवार को कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी नौसेना के बहरीन स्थित नेवल सपोर्ट एक्टिविटी बहरीन अड्डे से कथित हमले के बाद की गयी। यह अड्डा अमरीकी नौसैनिक बलों की केन्द्रीय कमान और पांचवें बेड़े का मुख्यालय है।

ज़ोलफक़ारी ने कहा कि जुफ़ैर स्थित अमेरिकी अड्डे से क़ेश्म द्वीप के क़ेश्म डिसेलिनेशन प्लांट पर हमले के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने सटीक ठोस ईंधन वाली मिसाइलों से उस अमेरिकी ठिकाने को निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि यह हमला क़ेश्म द्वीप स्थित जल शोधन संयंत्र पर हुए हमले के सीधे जवाब के रूप में किया गया। प्रवक्ता ने ईरान द्वारा पहले किए गए जवाबी हमलों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उन कार्रवाइयों में विरोधी पक्ष की निगरानी प्रणालियों को काफी नुकसान पहुंचाया गया था। उनके अनुसार दुश्मन के रडार सिस्टम पहले की कार्रवाई में नष्ट हो जाने के कारण अब लक्ष्यों को निशाना बनाना अपेक्षाकृत आसान हो गया है।