ईरानी राष्ट्रपति ने खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब की ‘शहादत’ की पुष्टि की

0

तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने इजराइली हमले में देश के खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खतीब की मौत की आधिकारिक पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने खतीब के मारे जाने को एक कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया और उनके परिवार एवं देश के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी एक भावुक संदेश में राष्ट्रपति ने लिखा कि मेरे प्रिय सहयोगियों इस्माइल खतीब, अली लारीजानी और अजीज नसीरजादेह की उनके परिजनों और टीम के साथ हुई हत्या ने हमें गहरे शोक में डाल दिया है। उन्होंने आगे कहा कि दो कैबिनेट मंत्रियों, शूरा के सचिव और सैन्य एवं बासिज कमांडरों की शहादत के बावजूद ईरान का रास्ता पहले से कहीं अधिक दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।

इससे पहले आज दिन में इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने दावा किया था कि रात भर किए गए सटीक हवाई हमलों में खतीब की मौत हो गई है। खतीब की मौत पिछले दो दिनों में ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर तीसरा बड़ा हमला है। इससे ठीक एक दिन पहले ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी और बासिज बल के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की भी मार दिया था।