तेहरान/वाशिंगटन। ईरान की राजधानी तेहरान पर शनिवार तड़के हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गयी। ईरानी मीडिया ने इसकी पुष्टि की है।
ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि खामेनेई की मौत उत्तरी तेहरान के इलाकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में हुई। अर्ध-सरकारी तसनीम समाचार एजेंसी ने बताया कि शेमिरान में राष्ट्रपति भवन के पास और सर्वोच्च नेता के आवास के नजदीक कई मिसाइलें गिरीं।
इस तनाव से पश्चिमी एशिया का स्वरूप बदलने का खतरा है, क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरानी जनता के लिए सत्ता बदलने का एक बड़ा अवसर है, जबकि ईरान ने कहा कि वह इस हमले का जवाब देगा।
ईरान की फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने कहा कि राजधानी पर हुए हमलों के दौरान खामेनेई अपने घर के कार्यालय में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए मारे गए। बाद में सरकारी टेलीविजन ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की।
ईरानी नेतृत्व के लिए एक और बड़ा झटका देते हुए सरकारी मीडिया ने रविवार को बताया कि खामेनेई की बेटी, दामाद और पोती भी हमलों में मारे गए। फ़ार्स ने कहा कि सर्वोच्च नेता के घर में जानकार सूत्रों से संपर्क स्थापित करने के बाद, क्रांतिकारी नेता की बेटी, दामाद और पोती की शहादत की खबर की दुर्भाग्यवश पुष्टि हो गई है। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि खामेनेई की तीन बेटियों में से कौन मृतकों में शामिल है।
अहमद वहीदी आईआरजीसी के कमांडर नियुक्त
शीर्ष सैन्य अधिकारी अहमद वाहिदी को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) का नया कमांडर नियुक्त किया गया है। ईरानी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अमरीका-इजराइल हमले में मारे गए मोहम्मद पाकपोर का स्थान लिया है।
ईरानी सरकारी टेलीविजन ने रविवार को पुष्टि करते हुए कहा कि अमरीकी और इजरायली हमलों के दौरान ईरानी सशस्त्र बलों के शीर्ष नेतृत्व की मौत हुई। मृतकों में ईरान के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ और सर्वोच्च नेता अयातुल्लाअली खामेनेई भी शामिल हैं।
इसके अलावा ईरानी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुलर हीम मौसावी, रक्षा मंत्री अज़ीज़ नासिरज़ादेह, आईआरजीसी कमांडर पाकपोर और रक्षा परिषद के सचिव अली शामखानी के भी मारे जाने की खबर है।
शनिवार को अमरीका और इज़राइल ने तेहरान समेत ईरान के विभिन्न ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिनमें सैन्य प्रतिष्ठानों के साथ नागरिक क्षेत्रों को भी नुकसान पहुंचने और हताहतों की सूचना है। इसके जवाब में ईरान ने इज़राइली क्षेत्र और मध्य पूर्व में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
दो और शीर्ष कमांडरों के मारे जाने की पुष्टि
ईरान ने रविवार को अमरीका और इज़राइली हवाई हमलों में इस्लामी गणराज्य के सैन्य बलों के दो और वरिष्ठ कमांडरों के मारे जाने की पुष्टि की। मारे गए लोगों में ईरान के सैन्य बलों के प्रमुख अब्दुलरहीम मौसवी और ईरान के रक्षा मंत्री एवं पूर्व वायुसेना कमांडर अज़ीज़ नसीरज़ादेह शामिल थे।
ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि ये दोनों लोग आईआरजीसी कमांडर-इन-चीफ़ मोहम्मद पाकपुर और सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी के साथ तब मारे गए जब वे रक्षा परिषद की एक बैठक में शामिल हो रहे थे।



