केरल कांग्रेस विधायक राहुल मम्कूटाथिल पर यौन दुराचारों के आरोप

तिरुवनंतपुरम। केरल युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पलक्कड़ विधानसभा से कांग्रेस विधायक राहुल मम्कूटाथिल पर कई महिलाओं ने यौन शोषण के कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के चलते उन्हें पार्टी पद से इस्तीफा देना पड़ा है और उनके खिलाफ विपक्ष, महिला संगठन और सिविल संगठन कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

यह विवाद अभी हाल ही में तब शुरू हो गया जब एक अभिनेत्री, एक लेखिका और एक ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता सहित अनेक महिलाओं ने राहुल पर यौन उत्पीड़न और गाली-गलौज का आरोप लगाया। अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि विधायक ने उन्हें बार-बार अश्लील और परेशान करने वाले संदेश भेजे और झूठे बहाने बनाकर होटलों में बुलाया।

ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता ने दावा किया कि राहुल ने उसके साथ अश्लील बात की और बेंगलुरु या हैदराबाद में मिलने का प्रलोभन दिया। एक अन्य महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न करने और बाद में गर्भपात कराने का दबाव डालने का आरोप लगाया। इसी विवाद के चलते राहुल ने 21 अगस्त को केरल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया।

केरल के उच्च शिक्षा मंत्री और माकपा नेता वी शिवनकुट्टी ने पलक्कड़ कलेक्टर को पत्र लिखकर राहुल को राज्य विद्यालय विज्ञान महोत्सव की आयोजन समिति से दूर करने का सुझाव दिया है क्योंकि उन्हें डर है कि उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम में बाधा आ सकती है।

इस बीच कांग्रेस सांसद शफी परमबिल ने कहा कि पार्टी ने उनका इस्तीफ़ा लेकर पहले ही अपना नैतिक रूख साफ कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक पुलिस शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।