हैदराबाद। अंगकृष रघुवंशी (59) और कप्तान अजिंक्या रहाणे (43) की शानदार पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को आईपीएल 2026 के 45वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 10 गेंदें शेष रहते सात विकेट हरा कर टूर्नामेंट में तीसरी जीत दर्ज करते हुए अपनी प्ले ऑफ की उम्मीद को जिंदा रखा। यह सनराइजर्स हैदराबाद की चौथी हार है।
रिंकू सिंह ने 19वें ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर लगातार दो चौके लगाते हुए अपनी टीम को सात विकेट से जीत दिला दी। इस जीत के साथ दो अहम अंक हासिल करते हुए केकेआर सात अंकों तक पहुंच चुकी है और उसके प्ले ऑफ की उम्मीद जिंदा है। इस मैच में पहली पारी में गेंद बेहद धीमी आ रही थी और स्पिनरों को भी मदद मिल रही थी। हालांकि केकेआर ने जिस तरह की आक्रामक शुरुआत की, उससे यह तय हो गया कि उन्हें ज़्यादा रिस्क लेने की जरूरत नहीं है।
रघुवंशी ने अर्धशतक लगाते हुए अपनी लय फिर से हासिल की। दूसरी पारी में भी पिच थोड़ी धीमी थी लेकिन केकेआर के बल्लेबाजों ने बेहद सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी की। 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए फिन ऐलन और अजिंक्या रहाणे की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए शुरुआती चार ओवरों में 49 रन जोड़े। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने फिन ऐलन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहली सफलता दिलाई। फिन ऐलन ने 13 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 29 रन बनाए।
15वें ओवर में साकिब हुसैन ने अजिंक्या रहाणे को आउट कर पवेलियन भेज दिया। अजिंक्या रहाणे ने 36 गेंदों में चार चौके एक छक्के की मदद से 43 रन बनाये। 17वें ओवर में शिवांग कुमार ने जीत की ओर अपनी टीम को ले जा रहे अंगकृष रघुवंशी को अपना शिकार बना लिया। अंगकृष रघुवंशी ने 47 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 59 रनों की पारी खेली।कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18.2 ओवरों में तीन विकेट पर 169 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। रिंकू सिंह ने 11 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 22 रन बनाए।
इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद को 19 ओवर में 165 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा (15) का विकेट गिरने के बाद ट्रेविस हेड और इशान किशन की जोड़ी ने हैदराबाद की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने ट्रेविस हेड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ट्रेविस हेड ने 28 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 61 रनों की पारी खेली।
इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजी आक्रमण के आगे सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सके और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। इशान किशन ने 29 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए (42) रन बनाये। कप्तान पैट कमिंस 10 रन बना कर आउट हुए। सनराइजर्स के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
एक समय नौ ओवर में दो विकेट पर 105 रन बना चुकी सनराइजर्स ने महज 60 रन जोड़कर अपने आठ विकेट गंवाये। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने हर्षल पटेल (छह) को आउट कर सनराइजर्स हैदाराबाद की पारी को 165 रन के स्कोर पर अंत किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए। सुनील नारायण और कार्तिक त्यागी को दो-दो विकेट मिले। अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कमरून ग्रीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



