बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला शुक्रवार को सामने आया है। जहां किराए के मकान में रहने वाली युवती से मकान मालिक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर अपनी करतूत छिपाने के लिए दर्दनाशक दवा देकर युवती और उसके नवजात की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील कुमार घरडे (59) बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी का बेटा है। युवती अपनी मां, बहन और भाई के साथ पिछले करीब तीन साल से उसके मकान में किराए पर रह रही थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और युवती की मां मजदूरी कर घर चलाती थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती से मजाक के नाम पर नजदीकियां बढ़ाने लगा। बाद में उसने पैसे का लालच और घर से निकालने की धमकी देकर युवती से कई बार दुष्कर्म किया। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। चार महीने बाद युवती ने अपनी मां को गर्भ ठहरने की जानकारी दी। जब मां ने आरोपी से सवाल किया तो उसने बदनामी का डर दिखाकर मामला दबाने की कोशिश की।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने गर्भ गिराने के तरीकों को लेकर यूट्यूब पर कई वीडियो सर्च किए थे। हालांकि उसे कोई तरीका समझ नहीं आया तो उसने बच्चे के जन्म के बाद उसे ठिकाने लगाने की योजना बना ली।
पुलिस के मुताबिक नौ मार्च को गर्भ के नौवें महीने में युवती को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। आरोपी मेडिकल स्टोर से बिना डॉक्टर की सलाह के पेनकिलर दवाइयां लाकर युवती को खिलाने लगा। दर्द बढ़ने पर उसने दो और गोलियां दे दीं। इस दौरान अत्यधिक प्रसव पीड़ा के बीच युवती ने दम तोड़ दिया। नवजात की भी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, तभी युवती के रिश्तेदार वहां पहुंचे। शव की स्थिति देखकर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो किसी अन्य व्यक्ति से संबंध के संकेत नहीं मिले।
इसके बाद आरोपी के मोबाइल की जांच में गर्भपात से जुड़े सैकड़ों वीडियो सर्च मिलने पर संदेह गहरा गया। डीएनए जांच की बात सामने आने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



