भाजपा की 5वीं सूची में कंगना रनौत और अरुण गोविल जैसे बड़े नाम शामिल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की 17 राज्यों के 111 लोकसभा उम्मीदवारों की रविवार को जारी की गई पांचवीं सूची में अभिनेत्री कंगना रनौत और अरुण गोविल, कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय और उद्योगपति नवीन जिंदल बड़े नाम शामिल हैं।

सूची के अनुसार कंगना को हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि पूर्व न्यायाधीश गंगोपाध्याय पश्चिम बंगाल के तमलुक से मैदान में होंगे। घोषणा के बाद पार्टी को धन्यवाद देते हुए कंगना रनौत ने कहा कि मेरे प्रिय भारत और भारतीय जनता पार्टी को हमेशा मेरा बिना शर्त समर्थन मिला है, आज भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे मेरे जन्मस्थान हिमाचल प्रदेश से अपना लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया है। मंडी (निर्वाचन क्षेत्र) लोकसभा चुनाव लड़ने पर मैं आलाकमान के फैसले का पालन करती हूं।

भगवा पार्टी ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से वरुण गांधी को हटा दिया और पूर्व कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद को सीट आवंटित कर दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरुण की मां मेनका गांधी को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से मैदान में उतारा गया है। आज ही भाजपा में शामिल हुए प्रमुख उद्योगपति और पूर्व कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल को हरियाणा की कुरूक्षेत्र सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।

लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘रामायण’ में राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल उप्र की मेरठ लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से भाजपा में शामिल हुए अर्जुन सिंह और तापस रॉय पश्चिम बंगाल में क्रमशः बैरकपुर और कोलकाता उत्तर सीटों से चुनाव लड़ेंगे।

बिहार में पार्टी ने आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, उजियारपुर से नित्यानंद राय और बेगुसराय से गिरिराज सिंह को चुना है। पूर्व केंद्रीय मंत्रियों में रविशंकर प्रसाद पटना साहिब से, राजीव प्रताप रूडी सारण से, राधा मोहन सिंह पूर्वी चंपारण से और राम कृपाल यादव पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को संबलपुर से और वरिष्ठ नेता संबित पात्रा को ओडिशा के पुरी से अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद सूची जारी की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य सदस्य शामिल हुए। 543 लोकसभा सीटों के लिए सांसदों का चुनाव करने के लिए सात चरण का चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच होगा, वोटों की गिनती 4 जून को होगी।