भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दीपावली के बाद एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में रविवार तड़के एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। हादसे के समय मकान में करीब 10 लोग मौजूद थे। दमकल और रेस्क्यू टीम ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार आग सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में सुबह करीब चार बजे लगी। उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य गहरी नींद में थे। अचानक मकान में आग भड़कने के बाद देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग और घने धुएं ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुलिस बल, दमकल की गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहतकर्मियों ने जोखिम उठाकर मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। इस दौरान चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
मौके पर पहुंचे एसडीओपी अपूर्व भलावी के अनुसार तीन मंजिला मकान में लगी आग पर दमकलकर्मियों और रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद काबू पाया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
पुलिस के मुताबिक फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आग की शुरुआत मकान के किस हिस्से से हुई और इतनी तेजी से पूरे भवन में कैसे फैल गई, इसकी भी जांच की जा रही है।
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से छपारा के जैन मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने मकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों और आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के रास्तों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



