मध्यप्रदेश के नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का वितरण

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को अपने मंत्रियों के बीच विभागों का वितरण कर दिया और सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, खनिज साधन और विमानन जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव के पास लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय एवं ऐसे सभी विभाग, जो किसी अन्य मंत्री को न सौंपे गए हैं, वे भी रहेंगे। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग दिया गया है।

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को नगरीय विकास एवं आवास और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग सौंपा गया है। राकेश सिंह लाेक निर्माण विभाग तथा विजय शाह जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग देखेंगे।

परिवहन और स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मंत्री उदय प्रताप सिंह को दी गई है। राजस्व विभाग करण सिंह वर्मा देखेंगे। इसके अलावा सम्पतिया उइके लोक सवास्थ्य यांत्रिकी, तुलसीराम सिलावट जल संसाधन, ऐदल सिंह कंषाना किसान कल्याण एवं कृषि विकास, निर्मला भूरिया महिला एवं बाल विकास, गोविंद सिंह राजपूत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, विश्वास सारंग खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता विभाग और नारायण सिंह कुशवाह सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग संभालेंगे।

नागर सिंह चौहान वन, पर्यावरण, अनुसूचित जाति कल्याण, प्रद्युम्न सिंह तोमर ऊर्जा, राकेश शुक्ला, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, चेतन कश्यप सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम और इंदर सिंह परमार उच्च शिक्षा, आयुष, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग विभाग की जिम्मेदारी देखेंगे।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमन्तु और अर्धघुमन्तु कल्याण विभाग देखेंगी। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल कुटीर एवं ग्रामोद्योग, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं राेजगार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन सिंह पटेल, पशुपालन एवं डेयरी और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह कुशवाह, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग की जिम्मेदारी निभाएंगे।

राज्य मंत्री नरेश शिवाजी पटेल को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, प्रतिमा बारगी को नगरीय विकास एवं आवास विभाग, दिलीप अहिरवार को वन एवं पर्यावरण और राधा सिंह को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

मंत्रियों को विभाग बांटने के बाद डॉ यादव ने सबको दी बधाई

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार रात अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियाें को विभाग वितरित करने के बाद सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हम प्रदेश की प्रगति को नई गति देंगे।

डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा है कि मंत्रिपरिषद के सभी माननीय मंत्री साथियों को विभागों की जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विशवास है कि आप सभी निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन कर, स्वर्णिम मध्यप्रदेश के संकल्प को सिद्ध करेंगे। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में हम सभी अपने प्रदेश की प्रगति को नई गति देंगे और विकास तथा जनकल्याण की प्रत्येक गारंटी को पूर्ण करेंगे।