मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता देवाशीष जरारिया का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा

38

भोपाल। मध्यप्रदेश के भिंड संसदीय क्षेत्र में सक्रिय रहे कांग्रेस नेता देवाशीष जरारिया ने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भिंड से कांग्रेस प्रत्याशी रहे जरारिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर अपना त्यागपत्र सौंपा है। स्वयं को अंबेडकरवादी और सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले जरारिया ने पत्र की प्रति सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट की है।

जरारिया का आरोप है कि उन्होंने पार्टी के लिए गुटबाजी के बगैर समर्पण के साथ काम किया, लेकिन पार्टी ने उनकी पूरी तरह अनदेखी की। इस बार लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया गया। फिर कोई पद भी नहीं दिया गया और क्षेत्र के कांग्रेस नेता उनसे कोई बात भी नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि पार्टी उनकी राजनैतिक हत्या कर रही है। इसलिए काफी व्यथित होकर वे त्यागपत्र देने के लिए विवश हुए।

प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के नजदीकी माने जाने वाले जरारिया ने पत्र में आरोप लगाया है कि कांग्रेस दलित, आदिवासियों और ओबीसी के हक की बात करती है, लेकिन उनके साथ न्याय नहीं करती है। उसकी कथनी और करनी में अंतर है।