मध्यप्रदेश के धार में तांत्रित ने महिला को तलवार से कई जगह से काटा

बड़वानी। मध्यप्रदेश के धार जिले के डही थाना क्षेत्र में एक महिला के शरीर में से डायन निकालने के नाम पर तांत्रिक ने उसे तलवार से कई जगह काट दिया।

डही के एसडीओपी सुनील गुप्ता ने बताया कि महिला के शरीर में से डायन निकालने के नाम पर तांत्रिक ने उसके शरीर पर कई स्थानों पर तलवार चलाई है। उन्होंने यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि तांत्रिक अनिल उसके भाई जितेंद्र और एक अन्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। महिला को आज जिला अस्पताल बड़वानी में भर्ती कराया गया।

राशि के लेनदेन के विवाद में युवक ने की पत्नी की हत्या

बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में आज तड़के एक आदिवासी युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पुलिस थाने आकर आत्म समर्पण कर दिया। ठीकरी के थाना प्रभारी बामनिया ने बताया कि धर्मेंद्र मुजाल्दा ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी काजल की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद उसने थाने आकर आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने बताया कि दोनों ने 5 साल पहले प्रेम विवाह किया था। पैसे के लेनदेन को लेकर 2 दिन से दोनों में विवाद चल रहा था। आज तड़के दोनों में फिर से विवाद हुआ और धर्मेंद्र ने काजल की गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के बाद आज दोपहर काजल के मायके पक्ष ने थाने पर आकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र को उन्हें सौंप दिया जाए। किसी तरह उन्हें समझाइश देकर वापस भेजा गया।
काजल के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। धर्मेंद्र को कल न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।