शिवसेना नेता को गोली मारने के आरोप में भाजपा विधायक अरेस्ट

मुंबई। महाराष्ट्र के कल्याण शहर से भारतीय जनता पार्टी विधायक गणपत गायकवाड़ को भूमि विवाद को लेकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना समूह के नेता महेश गायकवाड़ और उनके सहायक को कथित तौर पर गोली मारने और घायल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे ने शनिवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि भाजपा विधायक गायकवाड़ ने शुक्रवार रात उल्हासनगर इलाके में हिल लाइन थाना के वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष में घुसकर कल्याण के शिवसेना प्रमुख महेश पर गोलियां चलाईं।

उन्होंने कहा कि गोलीबारी में शिवसेना नेता महेश और उनके सहायक कुणाल पाटिल घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद विधायक गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया गया और फिलहाल उन्हें कलवा थाना की हवालात में रखा गया है। पुलिस ने कहा कि उन्हें शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा।

आरोपी गायकवाड़ ने अपनी गिरफ्तारी से पहले मीडियाकर्मियों से फोन पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने बंदूक का इस्तेमाल तब किया, जब उनके पुत्र को थाने में पीटा जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में अपराधियों का साम्राज्य स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिंदे गुट के नेता महेश को ठाणे शहर में एक निजी चिकित्सा सुविधा केंद्र में भेजे जाने से पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। शिव सेना के कल्याण प्रभारी गोपाल लांडगे ने कहा कि उनकी सर्जरी की गई, जो सफल रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गायकवाड़ का पुत्र जमीन विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने हिल लाइन थाना आया था, तभी महेश अपने लोगों के साथ वहां पहुंचे। बाद में गायकवाड़ भी थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि विधायक और शिवसेना नेता के बीच विवाद के दौरान, भाजपा विधायक गायकवाड़ ने कथित तौर पर वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर घुसकर महेश पर गोलियां चलाईं, जिससे वह और उनका सहयोगी घायल हो गए।