नसीराबाद : श्री महेश नवमी पर पांच दिवसीय महोत्सव में होंगे कई कार्यक्रम

नसीराबाद। पांच दिवसीय श्री महेश जयंती महोत्सव आगामी 25 मई से 29 मई तक श्री माहेश्वरी समाज (संस्था), श्री माहेश्वरी महिला मंडल और श्री महेश नवयुवक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया जाएगा।

श्री माहेश्वरी समाज संस्था नसीराबाद के अध्यक्ष सुनील काहल्या ने बताया की प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी महेश जयंती का पावन पर्व आगामी 29 मई को पूर्ण श्रद्धा समर्पण कर्तव्य एवं दायित्व भाव जागृत कर मनाया जाएगा।

पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें 25 मई गुरुवार सुबह 8 श्री नरसिंह गौशाला नसीराबाद पर गौ सेवा की जाएगी और इसी दिन शाम 8 बजे माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

26 मई शुक्रवार को सुबह 7:30 राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में बालक व बालिकाओं के लिए मेंढक दौड़, 30 मीटर की दौड़, अंग्रेजी वर्णमाला एक सांस में बोलना, चम्मच रेस, सिक्के छांटना, 50 मीटर दौड़, बैलून रेस, 100 मीटर दौड़, हिंदी वर्णमाला बोलना, स्लो साइकिल रेस, 200 मीटर की दौड़, बैलून की हवा से गिलास गिराना आदि प्रतियोगिता कराई जाएगी। उपरोक्त सभी खेल आयु वर्ग के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे।

26 तारीख को ही दोपहर 2 बजे कक्षा 9 से 12 तक की बालिकाओं के लिए हेयर स्टाइल, मेहंदी तथा अविवाहित बालिकाओं के लिए रिंग प्लैटर सजाना और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। विवाहित महिलाएं जो 35 वर्ष तक की हो उनके लिए वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिस का विषय प्री वेडिंग शूट के पक्ष या विपक्ष में बोलना है।

शुक्रवार रात्रि 8 बजे विचित्र वेशभूषा, गायन प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता आदि भी आयु वर्ग के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। शनिवार 27 मई सुबह 7:30 बजे कक्षा 9 से 12 तक के बालक बालिकाओं के लिए तीन टांग की दौड़, स्लो साइकिल रेस, स्लो स्कूटी रेस, गिलास में रिंग डालना, कुर्सी रेस, 3 बॉल में गिलास गिराना आदि रहेंगे जो आयु वर्ग के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे।

शनिवार को ही दोपहर 2:00 बजे बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, निबंध प्रतियोगिता (मोबाईल जीवन मे वरदान या अभिशाप), साड़ी भिन्न-भिन्न प्रकार से पहनना, बांदरवाल बनाना, नृत्य (लोकगीतों पर या भजन पर), बिना गैस के उपयोग के मीठे व्यंजन बनाना, गेरू व कड़ी से मांडना बनाना आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 मई रविवार को दोपहर 2 बजे समाज की सभी विवाहित महिलाओं के लिए 1 मिनट गेम, सतोलिया, अंताक्षरी, हाउजी इत्यादि खेल आयोजित होंगे।

महोत्सव का मुख्य समारोह रविवार शाम 6:30 बजे माहेश्वरी भवन में आयोजित किया जाएगा तथा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुकमणी देवी काहल्या होंगी।

29 मई सोमवार को महोत्सव के दिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक सुभाष गंज स्थित शिव मंदिर में शिव पूजा एवं दुग्ध अभिषेक किया जाएगा। उसके बाद सुबह 9:15 बजे सुभाष गंज से ही भगवान शिव की शोभायात्रा निकाली जाएगी जो माहेश्वरी भवन पर संपन्न होगी जहां महा आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।