पठानामथिट्टा। मलयालम अभिनेता संतोष नायर का मंगलवार तड़के निधन हो गया। वह एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे और बाद में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
वह इसी जिले के एनात्तु में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे और उन्हें अदूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया।
यह दुर्घटना तब हुई, जब उनकी कार एक लॉरी से टकरा गई। उन्हें गंभीर चोटें आयी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वाहन में उनके साथ मौजूद उनकी पत्नी शुभाश्री भी इस हादसे में घायल हो गई। दुर्घटना में शामिल लॉरी चालक को भी चोटें आई।
संतोष नायर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1982 की मलयालम फिल्म इथु नंगलुदे कथा से की थी। पिछले वर्षों में उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, जिसमें उन्होंने नायक, खलनायक, हास्य और चरित्र सभी तरह की भूमिकाएं निभाई।
वह हाल ही में फिल्म ‘मोहिनीअट्टम’ में नजर आए थे, जो वर्तमान में सिनेमाघरों में चल रही है। तिरुवनंतपुरम में 12 नवंबर 1960 को जन्मे संतोष नायर, सीएन केशवन नायर और पी राजलक्ष्मी अम्मा के पुत्र थे। उन्होंने महात्मा गांधी कॉलेज से पढ़ाई की थी, जहां वह अभिनेता मोहनलाल के जूनियर थे।



