प्रतापगढ़ में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी अरेस्ट

0

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को कंधई थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयहिंद उर्फ जयकुमार (25), पुत्र अशोक कुमार, निवासी बोखारे गांव, थाना शिवगढ़, जिला सुल्तानपुर के रूप में हुई है। उसे मुखबिर की सूचना पर कंधई थाना क्षेत्र में रखहा पुलिस बूथ से पहले चिलबिला मार्ग स्थित नाला पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में वादिनी ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। वादिनी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी फोटो और वीडियो वायरल कर उसे बदनाम करने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कंधई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।