मुंबई : तेज बरसात में दुर्घटनावश खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत

1

मुंबई। मुंबई में साकीनाका इलाके के खैरानी रोड पर गुरूवार को तेज बारिश के दौरान खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना उस समय हुई जब एक निजी एजेंसी के ठेका श्रमिक जल निकासी जाली की मरम्मत का काम कर रहे थे और रखरखाव के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया गया था।

कथित तौर पर उस खुले हिस्से को बिना किसी सुरक्षा या घेरे के छोड़ दिया गया था। पीड़ित की पहचान साकीनाका के यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख (55) के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए पैदल चल रहे थे कि तभी उनका पैर दुर्घटनावश खुले मैनहोल में पड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बह गए।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अग्निशमन दल को साकीनाका में एसजे स्टूडियो के पास, खैरानी रोड पर सनमान होटल के पास हुई इस घटना के बारे में दोपहर 12:26 बजे सूचना मिली। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, एम्बुलेंस सेवाओं और नागरिक अधिकारियों के बचाव दलों ने खोज अभियान शुरू किया। घटनास्थल के पास उनका छाता और चप्पलें मिलीं। बाद में उनका शव जल निकासी लाइन से बरामद किया गया।

अधिकारियों ने इस जानलेवा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि नागरिक रखरखाव कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

इस घटना ने मानसून से जुड़े बुनियादी ढांचे की मरम्मत के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंताओं को एक बार फिर बढ़ा दिया है। इस मौत के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना शुरू हो गई है।

कई लोग नागरिक अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगा रह हैं। खुले मैनहोल तथा कार्यस्थलों पर अपर्याप्त घेराबंदी को लेकर अधिक जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है। इस घटना ने इसी तरह की त्रासदियों को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपायों की मांग को तेज कर दिया है।