मथुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, सुसाइड की आशंका

1

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के महावन क्षेत्र स्थित खप्परपुर गांव में मंगलवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर से बरामद होने से सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह काफी देर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो मनीष के भाई सुधीर को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर बेड पर मां और दो बच्चों के शव पड़े थे, एक बेटी का शव चारपाई पर मिला, जबकि मनीष का शव फर्श पर पड़ा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार आशंका है कि मनीष ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर सोते हुए तीनों बच्चों का गला घोंट दिया और अंत में स्वयं करंट लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर खून के निशान भी मिले हैं।

पुलिस को घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। कमरे की दीवार पर एक सुसाइड नोट लिखा मिला है, जिसमें मनीष और सीमा द्वारा अपनी मर्जी से जान देने की बात कही गई है और पुलिस से किसी को परेशान न करने का अनुरोध किया गया है। एक कागज पर भी कथित सुसाइड नोट मिला है। इसके अलावा मनीष के मोबाइल फोन से 48 सेकंड का एक वीडियो बरामद हुआ है, जिसमें उसने आत्मघाती कदम उठाने की बात कही है।

हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं जैसे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की भी गंभीरता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।