श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर के समीप कार सेवा की घोषणा के बाद मथुरा प्रशासन सतर्क

0

स्वामी सच्चिदानंद को कानूनी नोटिस
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर के समीप कार सेवा की घोषणा के बाद मथुरा जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर बुधवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोवर्धन पुलिस बल के साथ चित्रगुप्त पीठ आश्रम पहुंचे और पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज से मुलाकात कर उन्हें कानूनी नोटिस तामील कराया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सीओ गोवर्धन ने आश्रम पहुंचकर स्वामी सच्चिदानंद महाराज से उनके कार सेवा संबंधी बयान पर विस्तृत बातचीत की। अधिकारियों ने उनसे क्षेत्र में शांति, सांप्रदायिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी गोवर्धन ने एहतियाती कार्रवाई के तहत स्वामी सच्चिदानंद महाराज को लिखित कानूनी नोटिस भी तामील कराया। नोटिस में उन्हें ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाने की हिदायत दी गई है, जिससे कानून-व्यवस्था या सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो। पुलिस ने आगाह किया है कि उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने आगामी 9 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीप कार सेवा करने की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है।

पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आश्रम और आसपास के क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।