अरबपति बॉस्केटबॉल खिलाड़ी टाइ लॉसन वोदका चुराने के आरोप में अरेस्ट

0

कोलोराडो। अपने एनबीए करियर के दौरान 60 मिलियन डॉलर (लगभग 500 करोड़ रुपए) से अधिक की कमाई करने वाले अमरीका की प्रसिद्ध बास्केटबॉल टीम डेनवर नगेट्स के पूर्व पॉइंट गार्ड टाइ लॉसन को 34 डॉलर (लगभग 2800 रुपए) की वोदका की बोतल चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

38 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी को कोलोराडो की कैसल रॉक पुलिस ने 16 जुलाई की शाम एक शराब की दुकान से कथित चोरी के मामले में हिरासत में लिया। पुलिस की जारी तस्वीर में वे जेल के कपड़ों में शांत खड़े नजर आ रहे हैं।

गिरफ्तारी रिपोर्ट के अनुसार शराब दुकान के कर्मचारी ने लॉसन पर नशे की हालत में वोदका की बोतल चुराकर पास के रेस्तरां में ले जाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उन्हें पकड़ा तो उनसे शराब की तेज गंध आ रही थी।

हिरासत के दौरान लॉसन ने पुलिस अधिकारियों के साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया, उन्हें अपशब्द कहे और जेल की कांच की दीवार पर लातें मारीं। बाद में शांत होने पर उन्होंने अपने इस व्यवहार के लिए पुलिस से माफी भी मांगी।

इस पूरी घटना के बाद लॉसन ने एक्स पर इसे नस्लीय भेदभाव करार दिया। उन्होंने लिखा कि अमरीका में अश्वेत होना बेहद कठिन है और कैसल रॉक क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है और यह उनके जीवन का सबसे नस्लवादी अनुभव था।

साल 2023 में संन्यास लेने से पहले टाइ लॉसन एनबीए की पांच टीमों के लिए खेल चुके हैं। उनके मामले में 13 अगस्त को सुनवाई होनी है। इससे पहले 2015 में एक अलग मामले में, ह्यूस्टन रॉकेट्स के साथ खेलते समय, लॉसन को नशे में गाड़ी चलाने के लिए दो एनबीए गेम में बिठा दिया गया था। इससे पहले 2015 में, उन्होंने डेनवर में नशे में गाड़ी चलाने का जुर्म भी कबूल किया था।