गैंगरेप के बाद चतरा में नाबालिग लड़की को जिंदा जलाया

minor girl gangraped, burnt alive in Chatra
minor girl gangraped, burnt alive in Chatra

चतरा। झारखंड में चतरा जिले के इटहरी थाना क्षेत्र के राजा केंदुआ गांव में एक नावालिग लड़की को सामूहिक दुष्कर्म के बाद अपराधियों ने जिंदा जलाकर मार डाला।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लड़की एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी जहां चार लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने जिंदा जलाकर उसकी हत्या कर दी।

इससे पूर्व इन लड़कों ने उसके साथ गांव में सामूहिक दुष्कर्म किया था जिसे लेकर बुलाई गई पंचायत ने इन लड़कों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना किया था। पंचायत के आदेश से नाराज होकर युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

सूत्रों ने बताया कि अपराधियों ने न केवल लड़की को जलाकर मार डाला बल्कि उसके परिवार वालों की भी बुरी तरह पिटाई की। इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जले हुए अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक अखिलेश पी वरियार और अनुमंडलाधिकारी राजीव कुमार घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।

इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इसमें संलिप्त अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने धनबाद के उपायुक्त को पीड़ित परिवार को एक लाख रुपए तत्काल सहायता दिए जाने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पीड़ित परिवार को एक लाख रुपए का चेक सौंप दिया गया।