मोदी सरकार केवल जनता को कर रही भ्रमित : मल्लिकार्जुन खड़गे

भीलवाड़ा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केन्द्र की मोदी सरकार पर जनता को भ्रमित एवं गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके पास न कोई योजना हैं और न ही गरीबों के लिए काम करने का हौसला एवं फितरत है, केवल कांग्रेस को गालियां देते जायेंगे और कहते रहेंगे परिवारवाद और कांग्रेस ने पिछले 70 साल में क्या किया जबकि कांग्रेस का एक लम्बा इतिहास है।

खड़गे बुधवार को भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार है, यह कहीं किसी को ऊपर आने नहीं देती है और जो कांग्रेस ने पहले किया है, उसको मिटाने में खुशी मानते हैं। जो-जो चीजें हमने की हैं, उसको वहीं रोक दिया गया और वो जो नई-नई योजनाएं कहकर ला रहे हैं, उसमें कुछ भी नहीं रहा क्योंकि उनके पास न प्लानिंग है, न गरीबों के लिए काम करने का हौसला है और न ही गरीब के लिए कुछ नई-नई योजनाएं लाने की उनकी फितरत है। वो कुछ नहीं करेंगे, सिर्फ कांग्रेस को गालियां देते जाएंगे और हमने क्या नहीं किया। बार-बार हमें पूछते हैं कि भाई, 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया।

उन्होंने राजस्थान को महान हस्तियों का प्रदेश बताते हुए कहा कि बप्पा रावल हो, महाराणा प्रताप हों, मुहम्मद शाह हों, सभी ने इस धरती पर जन्म लेकर अपना पराक्रम दिखाया है और देश की रक्षा के लिए उन्होंने अपनी जान की कुर्बानी भी दी है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में कांग्रेस का भी योगदान है। यहां एक तो टैक्सटाइल वर्कर का और टैक्सटाइल काम की बहुत बड़ी देन है देश को।

उन्होंने कहा कि जब सीपी जोशी केन्द्र में ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर थे उस वक्त मेमू ट्रेन की एक फैक्ट्री बनाने के लिए मैं और सोनिया गांधी यहां पर आए थे और उसकी बुनियाद हम डाल कर गए थे। लेकिन वह पत्थर वहीं रह गया, क्योंकि मोदी सरकार कहीं किसी को ऊपर आने नहीं देती। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आजादी के बाद भू सुधार कौन लाया, जो काश्तकार थे उनको मालिक किसने बनाया, वो तो कांग्रेस ने बनाया। हम कभी भी झूठ नहीं बोलते, लोगों को मजबूत करने के लिए हमारा हर काम है। भूमि सुधार यहां पर हुआ। उन्होंने कहा कि उसी के साथ यहां पर जो छोटे-मोटे राजे महाराजे थे, उन सबकी तनख्वाह भी बंद कर दी और इंदिरा गांधी ने गरीबों के लिए बैंकों के रास्ते भी खोल दिए, ये है कांग्रेस का काम। भाजपा के लोगों के पास कोई हिम्मत नहीं है काम करने की।

खड़गे ने कहा कि ये लोग कहीं भी जाओ, परिवारवाद, परिवारवाद, क्या है परिवारवाद। किसके लिए बोलते हैं, क्योंकि राहुल गांधी लगातार कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पैदल चले। भारत जोड़ो यात्रा उन्होंने की, साढे चार हजार किलोमीटर चले। चलकर लोगों के दुख और दर्द को समझा। उस भारत जोड़ो यात्रा में गरीब आए, किसान आए, मजदूर आए, विद्यार्थी आए, महिलाएं आई और अनेक लोग उसमें शामिल हो गए। एक बहुत बड़ी, इतनी बड़ी यात्रा शायद भारत में पहले कभी हुई नहीं और आगे भी नहीं होगी। इतना बड़ा राहुल गांधी जी ने कदम उठाकर भारत जोड़ो यात्रा उन्होंने की।

उन्होंने कहा कि हम भारत जोड़ो बोलते हैं, तो हमेशा वो ये कहते हैं कि भारत तोड़ो। अब इधर-उधर इंडिया की जो ऑल पार्टी की मीटिंग थी। हमने सबको मिलाकर इकट्ठा करके जो हमारे लाइक माइंडेड लोग हैं उनको मिलाकर हमने एक मजबूत संगठन बनाया। उसको देखकर, उसका नाम रखा गया इंडिया। इंडिया को देखते ही वो घबरा रहे हैं। अरे आप इंडिया छोड़ दो, आप भारत नाम रखो। अब भारत नाम रखने के लिए आ रहे हैं। संविधान में है इंडिया मतलब भारत, ये दोनों शब्द है। भाई आपको क्या एतराज। हम भारत जोड़ो पहले ही बोल रहे हैं। लेकिन आप कुछ ना कुछ नया लाने की कोशिश कर रहे हैं। हमने तो ये संदेश साढ़े चार हजार किलोमीटर तक फैलाया, भारत जोड़ो, भारत जोड़ो और आप कुछ अगर लोगों को फायदा होता है, उसकी अगर हम कहीं बात करते हैं तो जल्द से जल्द वो उसको बदनाम करने की कोशिश करते हैं या लोगों को दिशाहीन एवं भ्रमित करते हैं।

खड़गे ने कहा कि अगर राजस्थान में जय नारायण व्यास नहीं होते, मोहन लाल सुखाड़िया नहीं होते और केन्द्र में पंडित जवाहरलाल नेहरु नहीं होते तो क्या राजस्थान को जो फायदा पहुंचाय़ा गया, क्या वो सब हो पाता, वो हमने किया। आपने क्या किया, कुछ नहीं। कांग्रेस को गालियां देते हैं। ये या तो धर्म के नाम पर इकट्ठा करो, हिंदू-मुसलमान, हिंदू- मुसलमान करते हैं। देश के गरीबों को कैसे बचाएंगे, ये बोलो, उनका पेट कैसे भरेंगे, ये बोलो, उनको नौकरी कैसे देंगे, ये बोलो और महंगाई को कैसे खत्म करेंगे, ये बोलो। सिलेंडर 500 रुपए में कब देंगे सभी भारतवासियों को, ये बोलो।

उन्होंने कहा हमारे अशोक गहलोत ने तो 500 रुपए में सिलेंडर कर दिया। यह किसने किया, कांग्रेस ने किया, अब भाजपा को हम लोगों से बार-बार यह पूछना बंद कर देना चाहिए कि आपने क्या किया। भाजपा को काम करने का अधिकार मिला है, गालियां देने के लिए नहीं मिला। दूसरों के प्रति द्वेष रखकर उनको जेल में डालने के लिए नहीं मिला, रेड करने के लिए नहीं मिला। हमारे लोगों को डरा-डरा कर, इंकम टैक्स छापे, सीबीआई केस, ईडी के मामले के लिए नहीं मिला है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कभी ईवीएम, कभी आरएसएस का उपयोग करते हैं, कभी धर्म का उपयोग करते हैं। कभी धर्म के नाम पर वोट बांटने की कोशिश करते हैं। कुछ नहीं मिला तो कहीं से कुछ लाते हैं और देश के लिए, देश को आजाद कराने वाले हम हैं और देश को बचाने वाले भी हम हैं और जान देने वाले भी हम हैं।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए भाजपा वालों ने कुछ किया है। हमारे कांग्रेस के नेता लोग 14 साल जेल गए, जेल में मरे और आजादी के लिए लड़े, झंडे के नीचे लड़े। बताइए जनसंघ के लोग और आज के भाजपा एवं आरएसएस के लोग कितने लोग मरे, कितने लोग जेल में गए, दो उसका हिसाब, दो उनका नाम, कोई है। तुम्‍हारे पास देश की आजादी के लिए कोई नहीं लड़ा, देश को एक रखने के लिए कोई नहीं लड़ा, सिर्फ आप हमें गालियां देकर ऊपर आना चाहते है।

खड़गे ने कहा कि क्‍या राहुल प्रधानमंत्री बने थे बार-बार उनका नाम लेते हो, सोनिया गांधी क्‍या प्रधानमंत्री बनीं थी, राजीव गांधी के बाद कोई गांधी फैमिली से कुछ नहीं बना, कुर्बानियां दीं, लेकिन कभी अधिकार उनके हाथ में आया नहीं, मिला भी नहीं, मिला तो भी उन्‍होंने मनमोहन सिंह जैसे नेता को दिया और इंदिरा गांधी ने देश की एकता के लिए गोलियां खाईं। एक उनके बॉडीगार्ड ने उनके सीने में 36 गोलियां मारकर उनकी हत्‍या की। उन्होंने लोगों से विनती की कि वे एक होकर प्रदेश में फिर से कांग्रेस पार्टी को वापस लाइए, जिताइए, आज जो सहूलियतें आपको मिल रही हैं, इससे भी ज्‍यादा सहूलियतें दिलाई जायेगी यह हमारा वायदा है।

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजस्‍थान गरीब कल्‍याण और सामाजिक न्‍याय का बेहतरीन मॉडल है। इस मॉडल को दिखाना है और इस मॉडल के लिए काम करना है, लोगों, किसानों, मजदूरों एवं युवकों की भलाई के लिए। उन्होंने कहा कि मैंने देखा आज डेयरी के निमित गाय की पूजा की गई, उसी वक्‍त डिसेबल्‍ड लोग जो हैं, उनको स्‍कूटर दिए, ऐसे बहुत से काम दिए और खुद महिलाएं बोलती हैं, पुरुष बोलते हैं, हमको मिल रहा है, सीधे हमारे खाते में आ रहा है पैसा। अब ऐसे काम करने के बाद भी हमको डराने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे पास वो है, मेरे पास लाल डायरी है, पीली डायरी है, काली डायरी है, क्‍या-क्‍या ही बोलते हैं। रख लो भाई तुम्‍हारी डायरियां तुम्‍हारे पास रख लो, अगर कुछ है तो दिखा दो। हम लड़ेंगे कोर्ट में, क्‍या है, या लोगों को भी सच बताएंगे, डराने की कोशिश मत करो।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इसीलिए बोला है कि डरो मत, डर गए तो मर गए। आप अगर डर जाते हो तो मर गए। हिम्‍मत से एक होकर सभी लोग आज के नेतृत्‍व को एक होकर, कलेक्टिव लीडरशिप, यह किसी एक की नहीं, कांग्रेस में हमेशा यह रहता है कि सब मिलकर लड़ते हैं, लेकिन एक ही कैप्‍टन होता है। खड़गे ने कहा कि आज तो काम जो हो रहा है, जो मुख्यमंत्री के नेतृत्‍व में उसके लिए हम सभी लोगों को मदद करना चाहिए और लोगों को ये बताना चाहिए कि कांग्रेस की सरकार फिर से आती है, सब सुखी और समृद्ध बनते हैं, यह एक संदेश आपको देना है।

उन्होंने कहा कि यहां राजस्‍थान की सरकार ने 21 लाख किसानों के 16 हजार करोड़ रुपए माफ कर दिए। 46 लाख किसानों का 76,333 करोड़ कृषि ऋण भी माफ किया गया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हए कहा कि जहां-जहां हमारी सरकार आती है, तोड़फोड़ करते हैं। जहां हम बहुमत से जीतते हैं, कर्नाटक जीते (2018 में), मध्यप्रदेश जीते (2018 में), मणिपुर जीते थे, गोवा जीते थे, हर जगह हम जीतकर आए थे। वहां उन्होंने तोड़ा, पैसे देकर तोड़ा, किसी जगह झूठ बोलकर तोड़ा, किसी जगह कुछ और बोला। तो ऐसा बोलकर हमारी सरकारें तोड़ दी। जम्हूरियत मे, लोकतंत्र में जो लोगों की तरफ से चुनकर आते हैं, उनको तोड़-फोड़ कर आप हुकुमत बनाते हैं और ऊपर से नीति की बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि गनीमत है कि अशोक गहलोत ने अपनी सरकार को बचा लिया, नहीं तो यह भी चली जाती। यहां के नेता लोग, एमएलए, हमारे जो भी कांग्रेस के कट्टर जितने भी स्वाभिमानी हैं, उन्होंने अपनी सरकार को बचा लिया। इसलिए आज दूध का उत्पादन, क्रेडिट कार्ड ये सारी चीजें जो हो रही हैं, उस वजह से हो रही हैं।