मुंबई जा रही बस के खाई में गिरने से 8 यात्रियों की मौत

पुणे। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक बस के खाई में गिरने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने बताया कि यह घटना शिंग्रोबा मंदिर के पास हुई जब करीब 45 यात्रियों को ले जा रही एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई।

उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों का इलाज खोपोली ग्रामीण अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि हाइकर्स ग्रुप, आईआरबी की टीमें पीड़ितों को राहत कार्य प्रदान कर रही हैं और निजी अस्पतालों के चिकित्सकों को मदद के लिए बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि बस में सवार यात्री पुणे में कार्यक्रम में शामिल होकर गोरेगांव मुंबई लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि 15 से अधिक यात्रियों के मारे जाने की आशंका है और बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण दुर्घटना हुई। इस दुर्घटना में आठ से अधिक यात्रियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।