धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक के खिलाफ पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने, दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार राजगढ़ निवासी 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा की करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से मोहम्मद निजाम उर्फ सोनू निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से पहचान हुई थी। आरोपी राजगढ़ में ही युवती के घर के पास किराए के मकान में रहकर कारपेंटर का काम करता था। उसने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाकर स्वयं को सोनू बताते हुए युवती से दोस्ती की।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने युवती को अपने कमरे पर बुलाकर जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह लगातार युवती को डरा-धमकाकर उसका शोषण करता रहा। पुलिस के अनुसार कुछ समय बाद युवती गर्भवती हो गई, तब आरोपी ने शादी का झांसा देते हुए उससे धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म अपनाने और नमाज पढ़ने का दबाव बनाया।
बताया गया है कि फरवरी और मार्च 2026 के दौरान आरोपी युवती को अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां कथित रूप से उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और निकाह कराने के लिए मौलवी से मिलवाया गया। इसी दौरान युवती को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है।
उधर राजगढ़ थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन के आधार पर दिल्ली मेट्रो स्टेशन के पास से आरोपी को पकड़ लिया और युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।



