एन रामचंद्र राव तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित

हैदराबाद। तेलंगाना में विधान परिषद के पूर्व सदस्य नरपराजू रामचंदर राव को मंगलवार को सर्वसम्मति से प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का नया अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने राज्य में पार्टी के अध्यक्ष के रूप में केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी का स्थान लिया है।

राष्ट्रीय चुनाव निर्वाचन अधिकारी शोभा करंदलाजे ने यहां राज्य पार्टी मुख्यालय में राव को तेलंगाना भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित किया। गौरतलब है कि सोमवार को राव नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे जिससे इस पद पर उनके निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के दिग्गज 66 वर्षीय राव के पास वैचारिक स्पष्टता, कानूनी कौशल और दशकों का राजनीतिक अनुभव है। 1970 और 1980 के दशकों के दौरान राव वामपंथी छात्र संगठनों के प्रभुत्व को चुनौती देकर उस्मानिया विश्वविद्यालय में एक साहसी छात्र नेता के तौर पर प्रमुखता से उभरे। वह ऐसा युग था जब नक्सली विचारधारा ने विश्वविद्यालय की छात्र संघ राजनीति में अपनी पैठ बना ली थी।

विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में एक गंभीर हमले और भी कई अन्य शारीरिक हमलों का सामना करने के बावजूद राव अडिग रहे और परिसर में राष्ट्रवादी मसलों को लेकर लड़ते रहे। पुस्तकालय में हुए हमले के कारण उन्हें हफ्तों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।

एबीवीपी के साथ उनका जुड़ाव एक दशक (1977-1985) से अधिक समय तक रहा जिसके दौरान उन्होंने कानून और स्नातकोत्तर की पढ़ाई करते हुए राज्य समिति के सदस्य एवं शहर अध्यक्ष के रूप में भी काम किया।

राव ने 1986 में नामपल्ली आपराधिक न्यायालयों और बाद में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में एक वकील के रूप में अपना करियर शुरू किया और राज्य के सबसे सम्मानित अधिवक्ताओं के तौर पर ख्याति अर्जित की। उन्हें 2012 में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था और आज वे सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालयों और न्यायाधिकरणों में अपने मुवक्किलों का प्रतिनिधित्व करते हैं। साथ ही वह पार्टी कार्यकर्ताओं और संगठन को कानूनी सहायता भी प्रदान करते हैं।

भाजपा के भीतर राव ने कई प्रमुख पदों पर कार्य किया है जिनमें भाजयुमो सचिव, शहर इकाई उपाध्यक्ष, कानूनी प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक, राष्ट्रीय कानूनी प्रकोष्ठ सदस्य, राज्य महासचिव और आधिकारिक पार्टी प्रवक्ता शामिल हैं।

उनकी राजनीतिक सूझबूझ और आम सहमति बनाने की क्षमता ने उन्हें 2015 में हैदराबाद, रंगारेड्डी और महबूबनगर जिलों तक फैले स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से तेलंगाना विधान परिषद में सीट दिलाई। राव के प्रदेश पार्टी अध्यक्ष बनने का वरिष्ठ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है।