जम्मू। गणमान्य समाज संगठन (सैनी समाज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीतम सिंह सैनी ने अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू पहुंचे गुजरात के सैनी समाज के प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। गुजरात से आए प्रतिनिधिमंडल ने सैनी से मुलाकात कर सामाजिक, सांस्कृतिक और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान सैनी समाज के विभिन्न राज्यों के सदस्यों के बीच एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना देखने को मिली। प्रीतम सिंह सैनी ने अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण की सराहना करते हुए उनकी सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाबा अमरनाथ से सभी यात्रियों के मंगलमय दर्शन और सुखद यात्रा की प्रार्थना की।
गुजरात से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जम्मू में मिले सम्मान और आतिथ्य के लिए प्रीतम सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गनमान्य समाज संगठन की ओर से समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने, सामाजिक एकजुटता मजबूत करने और सैनी समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रीतम सिंह सैनी ने कहा कि देशभर में सैनी समाज के संगठनों के बीच बेहतर समन्वय और एकजुटता समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, युवा सशक्तीकरण, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और समाज विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ। गुजरात से आए प्रतिनिधिमंडल ने प्रीतम सिंह सैनी के मार्गदर्शन और आतिथ्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा देशभर में सैनी समाज के बीच भाईचारे और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। प्रतिनिधिमंडल ने सैनी को गुजरात आने और भविष्य के सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
