बोगोटा। कोलंबिया में सुताताउसा नगरपालिका स्थित ला सिस्कुडा खदान में हुए हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। नेशनल माइनिंग एजेंसी (एएनएम) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एजेंसी ने पुष्टि की है कि इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और छह खनिकों को जीवित बचा लिया गया। घायल श्रमिकों का एक क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि 18 श्रमिक जमीन के नीचे थे और उसी दौरान यह हादसा हाे गया। इनमें से तीन खुद ही सतह पर आने में सफल रहे।
एएनएम के अनुसार यह घटना खदान के भीतर हुए विस्फोट के कारण हुई। इस खदान का संचालन ‘कार्बोनेरस लॉस पिनोस एसएएस’ करता है।
एजेंसी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि हादसे के समय से ही वह बचाव और राहत कार्यों का समन्वय कर रही है।
एएनएम ने यह भी बताया कि नौ अप्रैल को घटनास्थल पर तकनीकी निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद कंपनी को सुरक्षा संबंधी सिफारिशें जारी की गई थीं। इनमें कोयले की धूल की उपस्थिति के कारण अक्रिय प्रणालियों (इनर्टिंग सिस्टम) को मजबूत करना, मीथेन उत्सर्जन वाले छोड़े गये हिस्सों को सील करना और खदान धंसने व विस्फोट के जोखिमों को दूर करना शामिल है।
एजेंसी ने आगे स्पष्ट किया कि कोयले की खदानों में आमतौर पर मीथेन गैस और कोयले की धूल जमा हो जाती है, इसलिए ऐसी घातक घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर निगरानी और उचित वेंटिलेशन आवश्यक है।



