नीतीश कुमार ने फिर संभाली जनता दल यूनाइटेड की कमान

नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) के वरिष्‍ठ नेता एवं बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी का नया अध्‍यक्ष चुना गया है। जद-यू की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुई एक बैठक के दौरान निवर्तमान अध्‍यक्ष राजीव रंजन सिंह ने इस्‍तीफा दे दिया।

पार्टी महासचिव केसी त्‍यागी ने संवाददाताओं को बताया कि नीतीश कुमार को सर्वसम्‍मति से जद-यू का अध्‍यक्ष चुन लिया गया है। इस बीच नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद स्वीकार कर लिया है। इससे पहले नीतीश कुमार ने वर्ष 2016 में शरद यादव को हटाकर पार्टी की कमान अपने हाथों में ली थी।

सिंह ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव भी पेश किया। कार्यकारिणी ने सिंह के इस्तीफे को स्वीकार करते हुए नीतीश कुमार को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से ये अटकलें चल रही थी कि सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देंगे और उनकी जगह नीतीश कुमार पार्टी की कमान संभालेंगे। जद-यू के राज्यसभा में सांसद एवं वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर ने कहा कि सिंह ने चुनाव लड़ने के लिए अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से मुक्त करने का आग्रह किया था।