उत्तर पश्चिम रेलवे : महिला सशक्तीकरण सेमीनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे कारखाना समूह अजमेर की स्थानीय कर्मचारी हित निधि समिति के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के क्रम में गुरुवार को सीनियर रेलवे इन्स्टीट्यूट में महिला सशक्तीकरण सेमीनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य कारखाना प्रबन्धक यूनिट के सभी अधिकारियों, महिला कर्मचारियों व ट्रेड यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्य कार्मिक अधिकारी रघुवीर सिंह चारण ने की। सेमीनार में मुख्य अतिथि, मुख्य कारखाना प्रबंधक विकास आनन्द एवं विशिष्ट अतिथि लॉयन आभा गांधी व अन्य अतिथियों का उप मुख्य कार्मिक अधिकारी व सहायक कार्मिक अधिकारी लोको/कैरिज की ओर से स्वागत किया गया।

सेमिनार का विषय भारत की उन्नति में महिलाओं का योगदान था। सेमिनार में अजमेर कारखाना समूह की लगभग 200 महिला कर्मचारियों नें भाग लिया। लगभग 50 महिला कर्मचारियों को मुख्य अतिथि मुख्य कारखाना प्रबंधक विकास आनन्द व अतिथितियों ने पुरस्कृत किया।

इसके अलावा महिला कर्मचारियों के 10वीं व 12वीं में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फाग धमाल का महिला कर्मचारियों ने लुत्फ उठाया। अन्त में कर्मचारी हित निधि समिति के कारखाना समूह के सचिव कल्याण सिंह राठौड, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक लोको ने अतिथितियों का आभार व्यक्त किया।