मुख्यमंत्री पद का दावेदार न कभी था और ना आज हूं : शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार ना तो पहले थे और ना ही आज हैं, वे पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और इस तौर पर भारतीय जनता पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा से पूरा करेंगे।

चौहान ने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पुनर्निमाण का मिशन है। एक पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते उस मिशन को पूरा करने में सभी रात-दिन लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। पार्टी के लोग इस निर्माण के उपकरण हैं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने पार्टी को जो अभूतपूर्व समर्थन दिया है, वे उसके लिए जनता के आभारी हैं। परिवार के सदस्य होने के नाते वे जनता के लिए हमेशा काम करते रहेंगे।

चौहान ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो काम जब दिया, उसे उन्होंने पूरे सामर्थ्य से किया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार न पहले कभी रहे और ना आज हैं। एक कार्यकर्ता होने के नाते सदैव भाजपा जो काम देगी, उसे समर्पित भाव से पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सभी के नेता हैं। उनके साथ काम करने में उन्होंने हमेशा गर्व और आनंद अनुभव किया है।