हैदराबाद। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में अंतरजातीय विवाह के विवाद के चलते अपने माता-पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सुरेखा नामक 25 वर्षीय नर्स ने आत्महत्या कर ली है।
पुलिस के मुताबिक याचारम की रहने वाली सुरेखा संगारेड्डी के एक प्राइवेट अस्पताल में बतौर नर्स काम करती थी। करीब एक साल पहले उसे कोंडापुर मंडल के एक ड्राइवर से प्यार हो गया। उसके माता-पिता ड्राइवर की जाति दूसरी होने के कारण इस रिश्ते के खिलाफ थे और उसके लिए कोई दूसरा रिश्ता ढूंढ रहे थे।
पुलिस का आरोप है कि इसके बाद सुरेखा ने अपने माता-पिता को बेहोशी का इंजेक्शन दिया और उनकी मौत को स्वाभाविक दिखाने की कोशिश की। इस मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। तब से वह संगारेड्डी के एक प्राइवेट छात्रावास में रह रही थी।
सोमवार सुबह छात्रावास के कर्मचारियों ने उसे मृत पाया और पुलिस को सूचना दी। शक है कि उसने खुद को भी उसी तरह बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या की है, जिस तरह उसके माता-पिता की मौत हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसकी मौत से जुड़े हालात की जांच जारी है।



