शाहजहांपुर में तेल टैंकर ने कार में मारी टक्कर, दुल्हन समेत 4 की मौत

2

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना खुटार क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर दुल्हन को विदा कराकर घर लौट रहे कार सवार लोगों को तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दुल्हन समेत तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ड्राइवर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा ने बताया कि थाना खुटार क्षेत्र के रौतापुर कला के पास तेज टैंकर और कार में आमने सामने की टक्कर हो गई।इस हादसे में कार सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। इलाज के लिए सभी घायलों को खीरी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान ड्राइवर निर्दोष की भी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र के गांव के अगौना बुजुर्ग के रहने वाले राविल वर्मा की शादी 25 अप्रैल को पिपरिया भगवंत गांव की रहने वाली कल्पना (22) से हुई थी। आज दोपहर राविल वर्मा के परिवार वाले बहू की दूसरी विदाई कराकर कार से वापस घर आ रहे थे कि तभी खुटार पलिया सड़क पर सामने से आ रहे नेपाली तेल टैंकर ने उनकी कार में सामने से टक्कर मार दी।

इस हादसे में दुल्हन कल्पना (22), मोहिनी (14) और रीनादेवी (30) की मौके पर ही मौत हो गईं जबकि हादसे में घायल ड्राइवर निर्दोष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल अनिल और दो बच्चों अनिमेष और अभिरांश का जिला खीरी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। नेपाल देश की नम्बर प्लेट लगी तेल टैंकर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर की तलाश कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।