रायपुर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी विवाद ने लिया हिंसक रूप, ग्राहक पर हमला कर फरार हुए डिलीवरी ब्वॉय

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा क्षेत्र में ऑनलाइन फूड ऑर्डर को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पिज्जा मंगाने वाले युवक पर डिलीवरी कर्मियों ने हमला कर दिया। घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित लोकेश्वर सिंह ठाकुर ने रविवार देर रात एक निजी फूड डिलीवरी सेवा के माध्यम से पिज्जा ऑर्डर किया था। डिलीवरी के दौरान लोकेशन को लेकर ग्राहक और डिलीवरी कर्मियों के बीच फोन पर कहासुनी हुई।

शिकायत के मुताबिक डिलीवरी कर्मी जब ऑर्डर लेकर मौके पर पहुंचे तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने ग्राहक से अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी और वाहन की चाबी जैसे नुकीले वस्तु से हमला किया, जिससे पीड़ित को सिर और हाथ में चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने पीड़ित को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर डिलीवरी के दौरान उपयोग किए गए मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। संबंधित फूड डिलीवरी कंपनी से भी आरोपियों की पहचान संबंधी जानकारी मांगी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।