पाकिस्तान : पेशावर में विद्यालय की छत गिरने से 20 बच्चों और महिला शिक्षिका की मौत, करीब 40 घायल

0

पेशावर। पाकिस्तान के पेशावर शहर में एक निजी विद्यालय की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका की मौत होने की सूचना है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया।

पाकिस्तान की सरकारी आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के अनुसार हादसा पेशावर के दीर कॉलोनी स्थित कॉलेज रोड पर संचालित एक निजी स्कूल में हुआ। छत गिरने के कारण कई बच्चे और स्कूल की शिक्षिका मलबे में दब गए। बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) के प्रवक्ता मोहम्मद आसिम ने बताया कि 17 बच्चों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। अन्य मृतकों और घायलों के संबंध में अस्पताल तथा आपातकालीन सेवाओं की ओर से जानकारी जुटाई जा रही थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बचाव कार्य तेज कर दिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच किए जाने की संभावना है।