पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर फिर किए घातक हमले, 11 बच्चे समेत 13 की मौत

0

काबुल। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती तीन प्रांतों पर हमले किए हैं, इसमें कम से कम 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के सरकारी अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दोनों देशों के बीच बने कुछ समय के शांत माहौल के बाद पिछले कुछ हफ्तों में यह सबसे घातक हमला है।

अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर लिखा कि बीती रात पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में आम नागरिकों के घरों पर बमबारी की। इन हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई।

ये हमले पिछले कुछ हफ्तों में सबसे घातक हैं और फरवरी के अंत में दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद सीमा पर उपजे अपेक्षाकृत शांत माहौल के बाद हुए हैं। इससे पहले पाकिस्तानी वायुसेना ने फरवरी के अंत से लेकर मार्च 2026 के मध्य अफगानिस्तान पर कई हमले किए थे। उस समय दोनों देशों के बीच तनाव इतना बढ़ गया था कि पाकिस्तान ने इसे खुली जंग घोषित कर दिया था। मार्च के मध्य (विशेषकर 16 मार्च) को काबुल और कंधार पर अभूतपूर्व हमले हुए थे, जिसके बाद अप्रैल में दोनों देशों के बीच एक अस्थायी शांति समझौता हुआ था।

पिछले महीने प्रकाशित संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल के पहले तीन महीनों में उस संघर्ष में कम से कम 372 अफगान नागरिक मारे गए और 397 अन्य घायल हुए। साल 2021 में तालिबान के दूसरी बार सत्ता में आने के बाद से ही पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संबंध तनावपूर्ण रहे हैं।