ACB ने RPSC की सदस्य कुमार विश्वास की पत्नी डाॅ मंजू शर्मा से की पूछताछ

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग से जुड़े ईओ भर्ती प्रतियोगी परीक्षा के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को यहां आयोग की सदस्य जाने माने कवि कुमार विश्वास की पत्नी डाॅ मंजू शर्मा से पूछताछ की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोग की अधिशाषी अधिकारी (ईओ) भर्ती परीक्षा में कथित लेन- देन के आरोपों के बाद जयपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मामले में तह तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। इसी क्रम में आयोग सदस्य डाॅ मंजू शर्मा के बयान दर्ज करने बुधवार को ब्यूरो का दल पूर्वाह्न् 11 बजे अजमेर में आयोग मुख्यालय पहुंचा।

उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा के लिए डाॅ मंजू शर्मा और डाॅ संगीता आर्य पर आरोप लगाए गए हैं। आरोपों में कितना तथ्यात्मक दम है, इसी बात की जांच की जा रही है। ब्यूरो दल ने मंगलवार को आयोग की सदस्य डाॅ संगीता आर्य के बयान दर्ज किए थे। आज डाॅ मंजू शर्मा के बयान दर्ज किए गए। आयोग में दोनों सदस्य की नियुक्ति पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में हुई थी। दोनों प्रभावशाली पतियों की पत्नी हैं। इनमें डॉ मंजू शर्मा कवि कुमार विश्वास की पत्नी तथा डा. संगीता आर्य राज्य के मुख्य सचिव रह चुके निरंजन आर्य की पत्नी हैं।

इस मामले में दोनों के नाम कांग्रेस नेता-घुमंतु जाति बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष गोपाल केसावत की 15 जुलाई 2023 को गिरफ्तारी के बाद सामने आए। बताया जा रहा है एसीबी मामले में अपने जयपुर मुख्यालय पर जल्द खुलासा करेगा।