डोटासरा एवं रंधावा ने हाथ से हाथ से जोड़ो अभियान को लेकर ली बैठक

जयपुर। राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा एवं पार्टी के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने भारत जोड़ो यात्रा के तहत शुरु किए गए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर जयपुर सम्भाग के प्रमुख कांग्रेसजनों की आज यहां बैठक ली।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में डोटासरा ने अपने सम्बोधने में कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी द्वारा पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा निकालकर प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को विस्तार देते हुए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान गत 26 जनवरी से प्रारम्भ हुआ है जिसके तहत् दो माह तक प्रदेश के सभी कांग्रेसजन गांव-गांव, ढाणी-ढाणी, बूथ एवं हर घर जाकर जनसम्पर्क करेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत् सभी कांग्रेसजन ब्लॉक स्तर पर पदयात्रायें निकालते हुए हर घर में राहुल गांधी का संदेश, राजस्थान की कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी तथा केन्द्र की भाजपा सरकार की विफलताओं के पर्चे वितरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत् सभी घरों पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का स्टीकर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में करवाए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए अपने प्रचार के पर्चे भी 60 दिन के इस अभियान के तहत् घर-घर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ में अभियान के माध्यम से एक-एक घर जाएं तथा जनता से सीधा संवाद करें।

उन्होंने कहा कि अभियान की तैयोरियों के लिए रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा उन्होंने हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर में कार्यकर्ता सम्मेलन किए, शुक्रवार को अजमेर में अजमेर सम्भाग का सम्मेलन हुआ एवं उसी कड़ी में आज जयपुर सम्भाग का सम्मेलन आयोजित हुआ है।

उन्होंने कहा कि वह तथा रंधावा लगातार फील्ड में रहेंगे एवं इस अभियान के तहत् जनता के बीच कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र चल रहा है, इसलिए सभी विधायकगण जिस दिन विधानसभा का अवकाश हो, अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के तहत् पदयात्रा में शामिल हों तथा सभी विधायक अपने कार्यकर्ताओं, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि को निर्देशित करें कि विधानसभा सत्र के दौरान भी क्षेत्र में पदयात्रा निरन्तर चलती रहे। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सफलता प्रदेश में पुन: कांग्रेस सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक नियुक्तियों की कवायद जारी है, शीघ्र ही शेष ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे तथा जहां ब्लॉक अध्यक्ष घोषित हो चुके हैं उन ब्लॉकों की कार्यकारिणी बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अनुमोदन के लिए शीघ्र भेजी जाए।

डोटासरा ने कहा कि सभी कांग्रेसजन इस अभियान में जुटकर जनसम्पर्क करते हुये बूथ व मण्डल स्तर पर प्रमुख कार्यकर्ताओं का सोशल मीडिया वाट्सएप ग्रुप बनाएं जो कि आगामी समय में उपयोगी सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ना तो राजस्थान सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा बना पाई, ना ही कोई आन्दोलन कर सकी, बस झूठे तथ्यों के आधार पर पेपर लीक जैसे मुद्दों पर दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई सरकार नहीं चाहती है कि पेपर लीक हो, किन्तु पूरे देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की समस्या बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कड़े प्रबंध किए तथा पेपर लीक होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए जनता के बीच पारदर्शिता के साथ समस्त जानकारी पहुंचाई जबकि भाजपा के शासनकाल में पेपर लीक की जानकारी अभ्यर्थियों द्वारा दी जाकर कोर्ट में सबूत पेश करने पर न्यायालय आदेश से पेपर निरस्त हुए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में यदि पेपर लीक हुआ तो गहलोत ने युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए 31 हजार की भर्ती की जगह 51 हजार भर्तियां निकाली, पेपर करवाए, जिसमें से 16 हजार की तो भर्ती पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार युवाओं को नौकरियां दे रही है तथा रोजगार उपलब्ध करवा रही है, इसी से कुंठित होकर भाजपा के नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में भाजपा के अनर्गल आरोपों के हमले और बढ़ेंगे, इसीलिये सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का जनता के बीच जाना आवश्यक है क्योंकि वोट जनता देती है, इसलिए लडऩा है और जनता के बीच जाना होगा।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार का आगामी बजट भी लोक कल्याणकारी होगा तथा जो जनकल्याणकारी योजनाएं अब तक लागू हुई हैं, उन्हें लेकर जनता के बीच जाने पर जबरदस्त जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में आज कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता 15 किलोमीटर की पदयात्रा निकाल रहे हैं तथा जयपुर सम्भाग के नेता एवं कार्यकर्ता रविवार को 15 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि सभी नेता एवं कार्यकर्ता संगठनात्मक कार्यों का फीडबैक तथा अपने-अपने सुझाव संगठन तक पहुंचाए तथा जिसे जो जिम्मेदारी मिली है उसे निभाएं। उन्होंने कहा कि सभी संगठन के कार्यकर्ता हैं तथा संगठन के प्रति जिम्मेदारी निभाना कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा दिए गए कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी कांग्रेसजनों की बराबर है। उन्होंने कहा कि जो भी अपने कत्र्तव्य में कोताही बरतेगा उसकी रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पास जाएगी तथा जो अपने कर्तव्य की पालना करेगा उसको सम्मान प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर एकजुटता के साथ कार्य करेंगे तथा प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बने इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।