भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में प्रदेश के नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के भाई दिनेश शुक्ला के पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक कर्मचारी को सिर में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मेहगांव थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा ने आज बताया कि कोंहार गांव निवासी करू शर्मा (40) पिछले कुछ दिनों से उक्त पेट्रोल पंप पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार शाम गांव के ही ब्रह्मा पचौरी से पेट्रोल के पुराने उधार को लेकर उसका विवाद हुआ था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुछ दिन पहले पेट्रोल पंप से लगभग 1500 रुपए का पेट्रोल उधार लिया था। उधारी की राशि मांगने पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। बताया गया कि शनिवार रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर करू शर्मा पर हमला किया गया और उसके सिर में गोली मार दी गई।
वहीं गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ब्रह्मा पचौरी की तलाश की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



