संयुक्त अरब अमीरात में ड्रोन हमले के बाद लगी आग, कोर्ट छोड़कर भागे खिलाड़ी

0

अबू धाबी। संयुक्त अरब अमीरात में चल रहे एक टेनिस मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों को तब कोर्ट छोड़कर भागना पड़ा, जब पास के ही एक तेल डिपो में ईरानी ड्रोन हमले के बाद आग लग गई।

फुजैराह शहर के बंदरगाह को मंगलवार सुबह निशाना बनाए जाने के तुरंत बाद वहां चल रहे एटीपी चैलेंजर प्रतियोगिता के दो मैचों को बीच में ही रोक दिया गया। फुजैराह शहर दुबई से लगभग 90 मील की दूरी पर स्थित है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टेनिस संस्था एटीपी ने बाद में पुष्टि की कि उस दिन के बाकी सभी खेल रद्द कर दिए गए हैं।

एटीपी की वेबसाइट पर चल रहे प्रसारण में देखा गया कि जापान के हयातो मात्सुओका और रूस के डेनियल ओस्टापेंको, अंपायर और जजों के साथ तीसरे सेट की शुरुआत में ही कोर्ट से बाहर की ओर भागे। प्रतियोगिता के अधिकारियों को चिल्लाकर कोर्ट खाली करने के निर्देश देते हुए सुना जा सकता था।

फुजैराह सरकार के मीडिया कार्यालय ने एक बयान में कहा कि हवाई सुरक्षा प्रणाली ने एक ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया था, जिसका मलबा गिरने से फुजैराह तेल उद्योग क्षेत्र में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

ईरान पर अमरीका और इजराइल के हमलों के जवाब में पिछले तीन दिनों से संयुक्त अरब अमीरात की ओर ईरानी ड्रोन और मिसाइलें दागी जा रही हैं। बयान में आगे कहा गया कि सुरक्षा दल अभी भी स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लेने की कोशिश कर रहे हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

टेनिस संस्था ने मीडिया से कहा कि खिलाड़ियों और कर्मचारियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा सलाहकारों से चर्चा के बाद सावधानी के तौर पर उस दिन के खेल रद्द कर दिए गए। संस्था ने कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर आगे की जानकारी देंगे।

सोमवार को स्थानीय सरकार से बातचीत के बाद टूर्नामेंट को जारी रखने का फैसला लिया गया था और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ मैच आयोजित कराए जा रहे थे। ब्रिटिश खिलाड़ी मैक्स बेसिंग और ज़ैक स्टीफंस भी इस ड्रॉ में शामिल हैं। लगभग 40 खिलाड़ी, टीम सदस्य, अधिकारी और मीडियाकर्मी दुबई में फंसे हुए हैं।

पूर्व नंबर एक खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव और ब्रिटेन के हेनरी पैटन जैसे खिलाड़ी पिछले सप्ताह के अंत में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण वहां से नहीं निकल पाए थे। फिलहाल सभी तय उड़ानें रुकी हुई हैं और केवल कुछ ही विमान उड़ान भर रहे हैं, जिनमें पहले से बुकिंग करा चुके या रास्ते में फंसे यात्रियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

पिछले कुछ दिनों से खिलाड़ियों के दुबई से बाहर जाने और पड़ोसी देश ओमान से निजी जेट किराए पर लेने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। प्रतिष्ठित इंडियन वेल्स टूर्नामेंट बुधवार को कैलिफोर्निया में शुरू हो रहा है, हालांकि मेदवेदेव और उनके साथी रूसी खिलाड़ी एंड्री रुबलेव सहित वरीयता प्राप्त एकल खिलाड़ी सप्ताह के अंत तक नहीं खेलेंगे।