मोदी ने IIT खड़गपुर के छात्रों से किया संवाद, नवाचार प्रदर्शनी देखी, 75वीं वर्षगांठ पर जारी किया स्मारक सिक्का

0

खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के विद्यार्थियों से संवाद किया और संस्थान की 75वीं वर्षगांठ यानी प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने तकनीकी नवाचारों और अनुसंधान परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में ग्रामीण क्षेत्रों तक सस्ती और स्वदेशी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए विकसित तकनीकों ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया।

देश के पहले आईआईटी के अपने पहले दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने ’75 वॉइसेज फॉर विकसित भारत’ पहल के तहत संस्थान के 75 मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार की भूमिका को लेकर अपने विचार रखे। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से तकनीकी चुनौतियों पर सवाल किए और उन्हें अपने शोध को आम लोगों की समस्याओं के समाधान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर अंतरिक्ष तकनीक तक की झलक

आईआईटी खड़गपुर के सीनेट हॉल में आयोजित प्रदर्शनी में कृषि, कपड़ा उद्योग, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, ड्रोन तकनीक और चिकित्सा विज्ञान से जुड़े स्टार्टअप विचारों एवं शोध मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। इनमें कम लागत वाली चिकित्सा तकनीक और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की पहल प्रमुख रही।

संस्थान ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से स्वदेशी स्वास्थ्य समाधानों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी भी दी। सुंदरबन सहित दूरस्थ इलाकों में इन तकनीकों के इस्तेमाल को लेकर प्रधानमंत्री ने विशेष रुचि दिखाई।

इस अवसर पर आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र और स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक पवन चंदना की उपलब्धियों का भी उल्लेख हुआ। प्रधानमंत्री ने भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं और स्टार्टअप की बढ़ती भागीदारी को देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

75 वर्ष पूरे होने पर स्मारक सिक्का जारी

प्रधानमंत्री मोदी ने आईआईटी खड़गपुर की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्मारक सिक्का भी जारी किया। वर्ष 1951 में स्थापित यह संस्थान देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। इसकी स्थापना स्वतंत्रता के बाद देश को तकनीकी शिक्षा, उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कुशल इंजीनियर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी।

प्रधानमंत्री ने संस्थान की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है। इस परिवर्तन में आईआईटी खड़गपुर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों ने देश के परमाणु और अंतरिक्ष कार्यक्रमों से लेकर सूचना प्रौद्योगिकी तथा वैश्विक कंपनियों के नेतृत्व तक अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

युवाओं से बोले- सोच की सीमाएं तोड़ें

प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या देश की वास्तविक क्षमता का पता तभी चलता है, जब वह अपनी सीमित सोच से बाहर निकलकर नई संभावनाओं को तलाशता है।

उन्होंने ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’ का मंत्र देते हुए कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में इसी सोच के साथ कई क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। सेमीकंडक्टर मिशन का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कभी भारत में चिप निर्माण को लेकर संदेह जताया जाता था, लेकिन निरंतर प्रयासों से देश में कई सेमीकंडक्टर इकाइयों की शुरुआत हुई और चिप निर्यात की दिशा में भी प्रगति हुई है।

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने को भी महत्वपूर्ण बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अवसर देने से ऐसे नवाचार सामने आए हैं, जिन्होंने उन क्षेत्रों में भी भारत की क्षमता साबित की है, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था।

2047 के विकसित भारत में युवाओं की अहम भूमिका

मोदी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और तकनीकी कौशल का उपयोग देश की प्रमुख समस्याओं के समाधान में करें। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशक भारत के विकास के लिए निर्णायक होंगे। वर्ष 2047 तक आज के विद्यार्थी और युवा देश की विभिन्न जिम्मेदारियों में नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने युवाओं को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ आगे बढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्र के विकास को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और नवाचार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती सहित संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी, पूर्व विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।