प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद चौथी घटना
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी दिलीप रॉय की सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। रायगंज के पास बिहार सीमा से सटे इलाके में हुई इस कार्रवाई को राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद चौथा पुलिस एनकाउंटर बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी की तलाश पिछले चार दिनों से की जा रही थी। सोमवार तड़के करीब दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र के पारापुकुर इलाके में छिपा हुआ है और बिहार सीमा पार कर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद दिलीप रॉय ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस वाहन के टायर में भी लगी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
3 नवंबर से लापता थी 12 वर्षीय बच्ची
मामले की शुरुआत 3 नवंबर को हुई, जब 12 वर्षीय बच्ची साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की और पुलिस को सूचना दी। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि बच्ची को उसका रिश्तेदार दिलीप रॉय कुलिक नदी दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था।
5 नवंबर को अब्दुलघाटा के पास कुलिक नदी से सटे जंगल में बच्ची का नग्न और आंशिक रूप से सड़ा-गला शव बरामद हुआ। इसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।
इससे पहले भी तीन आरोपियों की एनकाउंटर में हुई मौत
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद यह चौथी ऐसी पुलिस मुठभेड़ है, जिसमें गंभीर अपराध के आरोपी की मौत हुई है। इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस गोलीबारी में मौत हुई थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना के गायघाटा में छात्रा की दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रह्लाद दास की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई। इसी दिन मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में भाजपा कार्यकर्ता सुजीत मंडल की हत्या के आरोपी समाउल हक की भी पुलिस गोलीबारी में मौत हो गई थी।
मंत्री दिलीप घोष बोले- कानून तोड़ने वालों को पुलिस का सामना करना पड़ेगा
ताजा मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि कानून के खिलाफ काम करने और उसे अपने हाथ में लेने वालों को पुलिस का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कुछ परिस्थितियों में पुलिस को ऐसी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। सभी लोगों को कानून का पालन करना चाहिए, ताकि ऐसी स्थिति पैदा ही न हो।



